Tuesday, May 31, 2016

आसां नहीं होता दामन बचाना

कहाँ सज्दे में सर झुके तुम्ही कह दो  तो अच्छा है
मेरी आंखे तो झुकती हैं हर नम आंखों को देखकर।

तेरे रूखसार की रोज बंदगी मेरे शय में अब भी शामिल है
जिस हाल में हों मुस्कराया तेरी नूर-ए-रहमत देखकर ।

बहुत ही मुश्किल है जनाजा उठाकर फिर सुला देना
आसां नहीं होता दामन बचाना मज़हबी हंसी देखकर ।

तेरे शहर में कैसे सो जाऊँ जमीर अपनी टांगकर
क्या गुजरेगी उन फकीरों पर हमको नशे में देखकर ।

बिखर के जीना औ' जी कर बिखरना आसां नहीं है मन्नू
तंज कसते हैं बेवजह लोग मुफलिसी रूखाई देखकर ।

समेट लाता हूँ अपने दामन में उधार की कुछ बची नज्में
कल हों न हों कह नहीं सकते हालात-ए-मंज़र देखकर ।

बहुत जी लिया यहाँ रफ़्तार-ए-नब्ज गिन-गिन कर
कि मर भी नहीं सकते खुदाया आहट तेरी देखकर ।

मिला है खाक में नफरत अदब से दरिया और दरख्तों का
साहिल को किनारे जाने दो लहरों का कलंदर देखकर ।
..........रचना © मनोज कुमार मिश्रा

अधूरा सपना


सुबह की बारीश ने
घोल दिया अधूरा सपना ।
उनींदी आँखों में
चुप्पी उतरने लगी
सूरज के साथ-साथ ।
अधूरी कहानी गीली घास पर
रेंगती ईल्ली-सा
अपना मुकाम ढूँढती है।

अनजान चेहरे बिदककर
गहराती आद्रता में
अपना ठौर तलाशने
आहव्लादित पतंगों-सा फुदकते हैं
इधर-उधर जलती लौ के इर्द-गिर्द ।

सपना खो गया है ।
नींद अधूरी है ।
नीम का गीला गाल
आईने में नहीं समाता
शीशम तिरोहित है
वृक्षों की सभाओं में
आम गुमसुम है भीगकर
मासूम बादल के नीचे
अगली रात का इंतजार
चाँद के साथ बाकी है
कि सपना पूरा हो
घरौंदो में मढ़े रोशनदान-सा
कि हवा आती-जाती रहे
स्वछंद बच्चों की किलकारी जैसी ।
..........रचना © मनोज कुमार मिश्रा

Monday, May 23, 2016

जीवन अगर क्षितिज होता

जीवन अगर क्षितिज होता
सार मिलन का तय करते
चन्द्र वलय-सा पुलकित हर्षित
चारू विनय कुसुम खिलते ।
मोहक प्रभा विहंगम तान
निशा हिमकर का प्रेम वितान
सरपट ढलता पहर पलक-सा
एक भूल नित-नित अज्ञान ।
तुम चित्र बना रंग भरती जाती
स्वप्नलोक की रचना जैसी
परम प्रासाद लोक में अविरल
धवल दिव्य प्रवंचना जैसी ।
हम धरा धाम के हैं वासी
कोई मधुर गीत ना गा पायें
आओ अनन्त में कल्पना का
एक नवल सुकोमल नीड़ बनायें ।
कौन जानता चंचल जीवन
किस बीहड़ में मोड़ेगा
कल की सांसें आज ही गिन लें
समय कहाँ कब छोड़ेगा ?
चंचल किरणें थिरक-थिरक
कुछ नाद मनोरम गा पायें
जिस राह चले हम दिवा-स्वप्न में
सुप्त मनोरथ जग जायें ।
हाँ! मन का हाला मतवाला
आज चाँद पेड़ से मिलने आया
कुछ वह विनोद में, मैं मुखरित
मिलकर चादर सिलने आया ।
हे मनुज! तुम्हारी रचना ने
कण-कण में मंगल गाया है
इह लोक व्यथा अब व्यर्थ न हो
घर मिलने कानन आया है।
चल, हमें भुलावा देकर ले चल
मौन रथों पर तम के पार
जहां मिलन की शाश्वत गाथा
गाता है सुंदर सुकुमार ।
..........रचना © मनोज कुमार मिश्रा

Friday, May 06, 2016

चाँद! तुम तरल हो रहे हो

चाँद !
तुम रुई-सा मुलायम
और पानी-सा
तरल हो रहे हो
गीली मिट्टी जैसे
धीरे धीरे सरकना
सीख लिया है ।
उष्ण रातों में
मंद मीठी पछुआ वयार की नाईं
शीतल सिलवटी गालों पर
एक सुखद एहसास की
नजरें फेर देते हो ।
धुप का धुआं जैसे
दीपक की लौ से लिपटकर
अपना अस्तित्व बोध
खोने लगता है
मेरा मृदुल शुन्य
तुम्हारे विराट में
शनैः शनैः घुलने लगा है ।

तुमने  कोमलता, निर्भीकता 
पाताल की गहराई और
सागर का विस्तार कैसे पाया?
एक बात मुझे भी समझाओ (समझाओगे?)
फूलों की लालिमा-सी शर्म
जीवन की गहरी धुंध में भी
हँसते-हँसते वक़्त को 
कुरेदना,
अट्टहास करना,
बरसते बादल को एकटक
शांतचित्त कोने में छुपकर
निहारना
कहाँ से सीखा ?
शक्तिपुंज की तरह
चतुर्दिश सुख की
मखमली चादर फ़ैलाने का
गुण कहाँ से पाया ?

तुमको शायद समय ने 
स्त्रीत्व सीखा दिया 
और मैं ?
समय को पकड़ने की चाह में
कई हिस्सों में बंटता चला गया
..........रचना © मनोज कुमार मिश्रा

Saturday, March 05, 2016

आँखों को कब अपना आसमां बनाता है धुआँ

हँस के जो बाँट दिया अपने कशमकश को
दुनिया बदलती गयी फिर घर के चराग से ।

कितना अजीब है मन्नू कि ये ग़ज़लें फ़क़ीर हैं
आसमां, तेरी जमीं पर बची अब ना जमीर है ।

क्यों न रंग दूँ तेरे चेहरे को सुर्ख, फागुन में
ऐ चाँद! कि तुझको ख़ुशी देकर पाया है ।

नज़रें चुराकर चुपके से फिर हवा घर में आ गयी
सोये आग को देखो अभी थपकी देकर जगा गयी।

कहो कि चराग जलते हैं मेरे घर से तेरे शहर तक 
ये तो आदमी है कि अंधेरों का शौक रखता है।

तुम्हारे शहर के लोग भी ताज को तरसते हैं
इस शहर का क्या, यहाँ ताज कभी बिकता नहीं।

कभी मिल गए तो खुशियों को तुम भी थोड़ी जमीं देना 
अभी उम्मीद की तपिश बाकी है इस फैले दयार में ।

तेरी आँखों का जादू है कि वो जब भी मिला बरस गया 
वरना आँखों को कब अपना आसमां बनाता है धुआँ ।
..........रचना © मनोज कुमार मिश्रा

Monday, February 15, 2016

एक वो था जिसने जान दे दी

जीवन की विविध राह में
मेरे पांवों का तरंग
चट्टानों से टकराकर
झनझनाती लहरों की झाग में
अस्तित्व खोता भाव का कदम
आगे बढ़ता है
पर चकनाचूर होकर
उन लहरों की कतारों से
लौटती ध्वनि
भुला देता है वो पुराने निशान
जो धरोहर है विरासत की
और अब डूबने को है
बिन पतवार की नाव ।

अरे ! सोये हो आँखे मूंदकर
किस धुंध की तलाश में ?
ले गया तुम्हारी माँ का चीर
वो काला अजनवी
अपनी झोली में समेटकर ।
अब तो जागो
अब तो आओ
धूमिल विवेक
फिर से झकझोरकर
जागृत तो कर आओ ।
जिसने तुम्हारे ह्रदय-रन्ध्र में
दो बून्द लाल खून दिया
कफ़न को दो गज कपडा
और जलने के लिए
दो बांस जमीन
जिसके कलेजे पर कूदकर
सर के बाल सफ़ेद किये
उसी को तुमने गाली दे दी ?

हाय रे मानव !
तुम्हारी भी अजब कहानी है
 मरते हो तो आँखें मूंदकर
और मारते हो तो विद्रोह से ।
एक वो था जिसने जान दे दी
अपनी माँ के लिए ।
और एक तुम निकले
जिसने बेच दिया उसको
सिर्फ दो कौर मांस के लिए ?
..........रचना © मनोज कुमार मिश्रा

Thursday, February 11, 2016

मुझे आज़ाद कर दो

लहरों के बीच बना 
अल्हड घरौंदे-सा
आज मन लगता है
किसी के लिए मस्ती 
किसी के लिए बस्ती 
बनकर घूमता हूँ
अपने ही शहर में !

सांसों की जद्दोजहद
सर्द रातों में बंद नाक-सी
लगती है !

बचपन में नंगे बदन 
उन्मत्त धूल में लोटना
और आँगन की देहरी पर
घंटों रोने जैसा रोज़
दिन बीतता है !

लो ! चुपके से बसंत आ गया !
कोयल की प्रणय कूक
और बगुले का जटिल मौन
अब मुझे नहीं रिझाता ।
मैं खोज रहा हूँ उम्मीद 
रेत में अकेले बैठकर
कल को हँसकर जीने के लिए !

मेरा क्या है ?
मैं तो किसी कंधे पर
अपनी गर्दन झुका लूंगा ।
मैं तो परेशान हूँ
तुम्हारे सजीव कल के लिए ।

तुम आओ
उठा ले जाओ
अपनी धरोहर
जिसको साल-दर-साल संभाला है
मैंने मन की पेटी में बंद करके ।
मुझे आज़ाद कर दो ।
अपनी सीमायें मुझे
फिर से लिखनी है
किसी जवान सैनिक की तरह !
..........रचना © मनोज कुमार मिश्रा

Wednesday, February 10, 2016

नियति की दुविधा

समय के सम्मान ने
तुझे मौन मूर्ति से
चंचल गुड़िया बना दिया
और हम उसकी शिलाओं को
खरोंच कर भी अपना नाम
नहीं लिख पाये !

नियति की दुविधा तो देखो
कि नदी के दो किनारे
आज बात करते हैं,
हँसते-खिलखिलाते हैं,
मौन साधना भी करते हैं,
फिर जानी-पहचानी राह चल देते हैं !

कल इसकी फेनिल प्रवाह ने
किनारे का गाँव तबाह किया था
खेतों में रेत भर दिया था
सोना उगलने वाली मिटटी को
दलदल बना दिया था
और जीवन की मुमूर्ष अभिलाषा को
चुपचाप डुबो दिया था !

आज हम जीवन ज्वार के 
उस किनारे पर खड़े हैं
जहाँ से प्रदीपन मीनार की
मस्तूल साफ दिखाई देती है
पर कल की तस्वीर नहीं !

हम बसते जा रहे हैं
कभी इस गली, कभी उस शहर
कभी इधर, कभी उधर
कभी यहाँ, कभी वहां 
दिशाहीन परिंदों की माफिक !

अब जाने दो इन बातों को !
ये समय है ! 
न हमारा, न तुम्हारा
न काल का, न मलाल का
न जीत का, न हार का
न कल का, न आज का 
चलना ही इसकी मर्यादा है !

चलो मंदिर के घंटे को आज
साथ-साथ बजा आएं 
सोये मूर्ति को फिर से जगा आएं 
मस्जिद के अजान पर
सज्दे में सर नवायें
कल हम कहाँ होंगे, तुम कहाँ !

बिखरे शब्दों की दस्तूर ही
हमारी पहचान है 
किसी रंगमहल की दीवारों पर
हँसती रंगीन चित्रकारी जैसी
जिसपर कोई बेनाम चित्रकार
कल कुछ रंग उकेर आया था !
..........रचना © मनोज कुमार मिश्रा

Tuesday, February 09, 2016

जाड़े की धूप

जाड़े की धूप पुराने प्रेमी जैसी हो गयी
छत के मुंडेरे पर इशारे से बुलाता है !

कभी गुमसुम, कभी गुनगुन, कभी आँखें दिखाता है
कभी रूठी बुआ-सी चादर लेकर सोने जाता है !

हम ढूंढते हैं फुर्सत में कहीं उसको रिझाने को
कभी आता, कभी जाता, कभी गुमनाम रहता है !

तुम्हारी मिटटी जैसी फितरत है, जिधर चाहो सरक जाओ
कभी घर में, कभी छत पर, कोई चेहरा लुभाता है !

आ जाओ प्रिये!  दोपहर है, घर में हम अकेले हैं
पता मेरे मोहल्ले का यहाँ हर जन बताता है !

सफर तेरा जुनूनी है, हम कहें तो क्या कहें
तेरा आना बहुत जरूरी है, पर जाना बहुत सताता है !
..........रचना © मनोज कुमार मिश्रा

Friday, February 05, 2016

सरकती जिंदगी कहाँ पटकेगी अब नहीं मालूम

किस-किस नगर की राह से गुजरा हूँ तेरी तलाश में
इल्म कहाँ था कि मेरी साख-ए-किस्मत ऐसी होगी !

बिखरी फलक की चादरें यहाँ से धुंधली दिखती हैं
एक शम्मा तो जलाओ कि जमीं ही रोशन हो जाए !

आसमान के कतरों में आज धरती-सी बड़ी दरारें हैं
सूरज भी छुप के आदमी का घाव सहलाता रहा !

करें इनायत किसकी यहाँ, हर सख्श नशे में धुत्त है
खुद में खुदा मशरूफ है, हम फिक्र किसकी करें यहाँ !

जुबाँ चुप है, नजरें खामोश हैं, औ' बंदिशें नूर हो गयीं
हम कहें तो क्या कहें, अब सितारे ही बात करते हैं  !

तुम हो तो हम हैं, हम नहीं होते तो अच्छा था
परदे में  रह नहीं  सकते, अगर होते तो अच्छा था !

कसम इस होने का बयां मय्यसर भी नहीं होता
बहुत कुछ बोलने की भी कोई सजा होती तो अच्छा था  !

सरकती जिंदगी कहाँ पटकेगी अब नहीं मालूम
न हो मालूम तो अच्छा है, पता होता तो मुश्किल था !

चलो एक राग गाते हैं अब दुनियां को हँसाने का
वो भी हँसते, मैं भी हँसता, सब हँसते तो अच्छा था !
..........रचना © मनोज कुमार मिश्रा

Thursday, February 04, 2016

कहाँ गए बचपन के वे दिन

कहाँ गए बचपन के वे दिन
कुत्ते बिल्ली तितली मोर
रवि-शशि से आँख मिचौली 
खग-मुर्गों का युगल भोर ।

जब बन्दर वाला आता था
कोई सुन्दर गीत सुनाता था
डमरू बजा-बजा बन्दर का 
मोहक नाच दिखता था ।

उनका डंडा, इनकी गिल्ली
एक किया सब बारी-बारी
छुप गए धीरे भाग खड़े हो
ढूंढ मरी अम्मा बेचारी ।


धूल उड़ाना, मौज मनाना
था केवल मस्ती का सार
वही आज़ादी फिर से आती
फिर से पड़ती कोमल मार ।

बड़े हुए हम, हुए सुशोभित
रजनीगंधा, द्रुमदल में
मान मिला, अपमान मिला
धरती और अम्बर तल में ।

कोई कहे तू ले लो बचपन
क्रय कर लूंगा 'नाम' से
बचपन का संग्राम भला है
यौवन के अरमान से ।

पैनी बुद्धि, मोटी शक्ति
धन दौलत सब पलना है
जिसे देख लो रो-रो कहता
आज नहीं कल जलना है ।

हाय ! पुराना बचपन भोला
लौट नहीं फिर आएगा
हड्डी-हड्डी तोड़-फोड़कर
अंत समय ले जायेगा ।

हंसकर आना, हंसकर जाना
अगर यहाँ हम सीख पाते
धरा नहीं यह स्वर्ग कहाता
गर हिल-मिल कर हम रह पाते ।

जब अंत समय आ जाता है
मानव पहले घबराता है
स्मृति जीवन की हो धूमिल
आँखें फिर तब मूंद जाता है ।
..........रचना © मनोज कुमार मिश्रा

Tuesday, February 02, 2016

नदी के किनारे बैठा रेत का एक कण !

दीवार से टकराकर
लौटती घायल प्रतिध्वनि
हवा की तेज रफ़्तार में
अपना अर्थ स्वयं आत्मसात करके
नियति के दरवाजे पर दस्तक दे,
इंसानियत की आत्मा का जर्रा-जर्रा
सकते के आलम में थर्रा जाता है।

गहरी धुंध की चौड़ाई से
एक क्षीण, मद्धिम, पीली रोशनी
अपनी अस्मिता की सार्थकता के लिए
जगती के सामने आँखे फाड़कर
तिमिर का मौन भंग करता है,
आने वाले हरेक राहगीर को
अपने कल का इतिहास दिखाता है,
और कहता है--
मैं एक जीवंत संवेदना का
जागृत प्रतिरूप हूँ
जिसकी परछाई का स्वरुप टटोलना
अगर तुम्हे स्वीकार है तो
उसे देखो-- उफनती नदी के
एकांत किनारे पर बैठा
रेत का एक कण !
अपने अस्तित्व के लिए वह 
अकेले प्राणपण से जूझ रहा है ।
पहर भर बाद 
असीम जलसमाधी में विलीन होकर
उस अनंत सागर की एक
शाश्वत कहानी बन जाएगा !

जीवन इसी अनंत में बिखरी
पल-पल की मुखरित संवेदनाएं हैं
जिसका आकार सूक्ष्म से शुरू होकर
विराट की ही तो जलसमाधि है !
..........रचना © मनोज कुमार मिश्रा

Monday, November 02, 2015

चाँद! तुम हर रोज आना

चाँद कल रात मेरी खिड़की से
फिर झाँक रहा था
कुछ कहने की कोशिश में
मेरी तरफ चुपचाप टकटकी लगाए.
काल के चक्र ने मुझे
चैतन्य कर दिया.
उसकी हल्की मुस्कान
वर्षों पुरानी उस इमारत की याद दिला दी
जिसके कंगूरे पर चढ़कर
एकांत में उससे कुछ पल
अपने मन की बातें की थी.
हमारे एकांत की उम्र अब बड़ी है.

जीवन हमें घसीटकर 
बहुत दूर ले आया है.
फिर भी हम ठूंठ पेड़ की नाईं 
झंझावतों को चिढ़ाते हुए
निर्भीकता से खड़े हैं
सड़क पर पड़े उस भिखारी की
दाढ़ी में रेंगती जूँ की तरह
जो लाख कोशिशों पर भी अपना
अस्तित्व खोने को तैयार नहीं.

समय का फेनिल प्रवाह 
अब मुझे चिढ़ाता है,
कल की याद दिलाता है.
असीम जलधारा के प्रबल वेग में
अकेला धकेल देता है.
मैं निडर मछुआरे की तरह
रात के घुप्प अंधेरे में भी
तैरने को तैयार हूँ
वर्षों पहले की तरह.

चाँद! तुम हर रोज
हमारी खिड़की पर आना
बातें करना
थोड़ा मुस्करना !
कल सुबह गली के बच्चे
जब किलकारी मारकर
खुशियाँ मनाएँगे
तो दुनियाँ खुद-व-खुद
जान जाएगी क़ि तुम्हारा आना
और अपनी स्मृति छोड जाना
कितना सुखद और रोमांचकारी 
रहा होगा ढलती निशा के 
सुखद स्वपनों के साथ !    
..........रचना © मनोज कुमार मिश्रा                 

Thursday, September 10, 2015

चल देख दुनिया का तमाशा


जिंदगी की राह जब हो जाए गर कभी कठिन
तो टूटते तारों में फिर से कोई रंग ढूंढीए

राह किसी मोड़ पर जब अर्थ बदलने लगे
पत्थर  फेंको भंवर में कि डूब जाएँगे

जिंदगी जिस दिन मुझे चौराहे पर सोयी मिली
हाथ का मशाल तब से और तेज जल गया

दस्तक हुई या तीर चला ये तो बताइए
आपके रहमत पे जियें और करीब आइए

कितने हादसों से गुजरता हूँ रोजकह नहीं सकता
आपका बस एक हादसा हौसला पस्त करेगा क्या

अजनवी आँखें निहारती हैं गोया मैं बच्चा हूँ
सबकी दस्तुरें अच्छी हैंमैं ही केवल कच्चा हूँ

कई हिस्सों में बँटी हैं साँसें, कुछ गीली कुछ सूखी हैं
कभी पलक पर बूँदें हैं और कभी आँख भी रुखी हैं

हया गयीशरम गयीगया आँख का पानी
रेल के डिब्बे भी कहते रोज बेहया कहानी

सड़क की नाव इधर नाली में अब डूबी पड़ी है
और आदमी फ़िक्रमंद हैअपनी गली के भाव में 

चल देख दुनिया का तमाशा आजा मेरे संग-संग
यहाँ झोपड़ी वहाँ महल हैसभी जी रहे तंग-तंग
..........रचना © मनोज कुमार मिश्रा

Thursday, May 28, 2015

चाँद! तुमको क्या मालूम?

चाँद! तुमको क्या मालूम
कि तेरी रोशनी में
नहायी
ये आधी जिंदगी
शीतलता की छाँव में
अनवरत
अनंत विथियों से
सूरज के रथ पर
सवार होकर
संपूर्ण सृष्टि की
एक झलक पाना चाहती है.

चाँद! तुमको क्या मालूम
कि तुम्हारे स्पर्श से
स्पन्दित
ये आधी जिंदगी
घुप्प अंधेरे में
दीपक की लौ के
इर्द-गिर्द, पतंगे की मानिंद,
संपूर्ण मानवता की
खुशी के लिए
एक उज्ज्वल प्रकाश की
तलाश करना चाहती है.

चाँद! तुमको क्या मालूम
कि तुम्हारे होने  से
उल्लासित
यह संपूर्ण जीवन
आशा और निराशा के
मंथन-भंवर से
उत्प्लावित
तेज बहाव में
प्राणपन से जूझता
साँसों का संघर्ष
एक गरिमामयी
सार्थक अर्थ 
तलाश करना चाहता है.

अगर कभी तुमको पता चले
तो मुझे भी बताना
कि मेरा भाव का संसार
कितना छोटा 
किंतु मधुर है.

तुम्हारी धवल रश्मियों से
मेरा अंतरतम प्रफ्फुलित
और प्रसन्न है
जहाँ से क्षितिज के पार का
लोक भी दृश्य है
और धरा की विहंगम
कलायें भी.
..........रचना © मनोज कुमार मिश्रा

Sunday, May 17, 2015

तुम कौन हो?

अतीत के बिखरे पन्नों पर
इतिहास का अर्थ ढूँढना
अगर इतना दुरूह न होता
तो हर मानव अपनी छवि की
एक सीधी परछाईं होता
जिसका रूप अनंत क्षितिज में
परिचित कल्पना की
एक सुंदर छायावृती होती.

आज हम अपने चेहरे की आकृति
औरों के आईनों में ढूँढने को बेबस है;
और सार्थक को भी निरर्थक मानकर
अपनी आत्मा  को दुत्कार देना
हमारी सहज प्रवृति
जो गूंगी होकर भी उँची आवाज़ में
कुछ इस तरह बोलती है
जैसे तलवार की धार से
लटकती हो लहू की दो बूँद

तब ऐसे में हमसे कोई ये पूछे
की तुम कौन हो?
और किसकी तस्वीर हो?
हमारे पास जवाब के लिए
अब क्या बचा है---
सिर्फ़ दो सजल नेत्र
जो बेजुवान किंतु सार्थक
शब्द बोलते है
जिसकी अपनी भाषा है
और अपनी सीमाएँ.

काश! उनकी भाषा का
संवेदनात्मक पहलू भी
कोई समझ पाता
और अर्थ को अर्थ के सापेक्ष में
मौन समझ जाने की
गहरी अनुभूति होती
तो हम भी
एक क़हक़हे के साथ कहते
कि मेरी पहचान को पहचानने वाला
इस विराट शून्य में कोई तो है
जो इन विसरित बूँदों की वेदनाओं को
आत्मसात कर लेना
अपनी नियति मानता है
और अपने स्व को तिरोहित करके
एक नया इतिहास बनाना
अपना आदर्श!
..........रचना © मनोज कुमार मिश्रा

Friday, May 08, 2015

मन की अभिलाषा गीत बन गयी

न जाने कौन हमारी खुशी की चुपचाप दुआएँ करता है
असर इतना कि अश्कों को भी हँसी-खुशी से भरता है

न जाने कौन हमारे क्रंदन को भी अपनी दौलत कहता है
असर इतना कि चिथड़ों में भी शहंशाह-सा रहता है

न जाने कौन राह के कांटो को भी चुपके-चुपके चुनता है
असर इतना कि झंझावात में स्वप्न हिंडोले बुनता है

जाने कौन हमारे पन्नों में रोज नया रंग भरता है
असर इतना कि जीवन ही अब इंद्रधनुषी लगता है

न जाने कौन हमारे सपनों को एक कौतूहल-सा गढ़ता है
असर इतना कि साँझ-सबेरे सूरज यहाँ भी चलता है

चल हमें भुलावा देकर ले चल, चाँद जहाँ पर आता है
जीवन उठता-गिरता पथ पर नीरव चैन न पाता है

मन की अभिलाषा गीत बन गयी नयन बन गये हैं अनिमेष
कल की उद्वेलना आज सो गयी और नहीं कुछ रहा शेष
..........रचना © मनोज कुमार मिश्रा