Saturday, August 31, 2019

जहां के पार की दुनिया

मेरे साख-ऐ-दयार में तेरे नज़्म अब भी जिंदा हैं
कभी इधर से गुजरो तो फिर वही गीत गाना।

फलक के सितारे तेरे शय को सलाम करते हैं
मेरी तो तुम रूह हो, खुद से जुदा करूं कैसे।

जिसके मोह ने तुमको कभी बेघर किया होगा
उसी के प्रेम ने मन्नू अभी तक जिंदगी बख्शी ।

कहा था दरिया मिलती है एक रोज़ किनारे पर
जहां के पार की दुनिया हमारा आशियां होगा ।

अगर पलटकर गिर जाऊं, तुम कंधे पर उठा लेना
बहुत मुश्किल है चलकर दरिया पार कर जाना।
                                              ..........रचना © मनोज कुमार मिश्रा

ये दुनिया अगर मिल भी जाए तो क्या

ये दुनिया अगर मिल भी जाए तो क्या
ये हसरतों की दुनिया
ये नफरतों का बादल
उधार की ये दौलत
ये कश्मकश के लम्हे
ये दुनिया अगर मिल भी जाए तो क्या
ये कागजों में उलझी
ये मौन में ही सिमटी
साये से बात करती
ये उलझे उलझे रिश्ते
ये दुनिया अगर मिल भी जाए तो क्या।
ये घूमता समय का पहिया
ये बेबसी का आलम
बेजान सी जवानी
ये बारिश का कहर होना
ये दुनिया अगर मिल भी जाए तो क्या।
ये खिले-खिले से चेहरे
ये हंसी खुशी की बारिश
चुपचाप मुस्कुराना
ये तालीम की दुहाई
ये दुनिया अगर मिल भी जाए तो क्या।
ये तेरा मेरा गाना
ये जहर का दोना
अंदेशों का शहर अपना
ये सुबकती सर्द रातें
ये दुनिया अगर मिल भी जाए तो क्या।
ये आंखों का लाल होना
ये करवटों का पहरा
गिनती में सबका जीना
ये कांच-सा दहलना
ये दुनिया अगर मिल भी जाए तो क्या।
ये बेपनाह चाहत
ये झुकी झुकी निगाहें
तेरे घर से झुक के जाना
ये आंगन का चांद होना
ये दुनिया अगर मिल भी जाए तो क्या।

                         ..........रचना © मनोज कुमार मिश्रा